ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय,ब्यावर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ब्यावर जिले के जैतारण में आयोजित ‘सेवा संवाद कार्यक्रम-सेवा संकल्प यात्रा अभियान’ में भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण विकास को गति देने के लिए रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं और प्रदेश के युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की पानी की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना जैसे महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समझौते किए गए हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में जल उपलब्धता को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने वाले राज्यों की श्रेणी से आगे बढ़कर अन्य राज्यों को बिजली उपलब्ध कराने की स्थिति में पहुंच रहा है। वहीं, रोडवेज और डेयरी जैसे राज्य के उपक्रम भी लाभ की स्थिति में हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 150 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और ट्राई साइकिल वितरित कीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सेवा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उनके लाभ आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।