ज़िल्लर वार्ता, राष्ट्रीय गुजरात : के वडोदरा में मंगलवार को आयोजित ‘NaMo for Viksit Bharat’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोगों ने जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (MSU) के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग और युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचते ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भीड़ ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को लेकर लोगों की भारी दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर सभी सीटें बुक हो गई थीं।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं, खासकर Gen-Z, से सीधा संवाद किया और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा को और गति देने के उद्देश्य से वह लोगों के बीच आए हैं।
वडोदरा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें रेलवे और कनेक्टिविटी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में पीएम मोदी के स्वागत और युवाओं के उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया। कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत के संकल्प और देश के विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश प्रमुखता से सामने आया।