ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय , नई दिल्ली: रविवार को राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। जनपथ रोड, फिरोज शाह रोड, मंडी हाउस, मयूर विहार फेज-3 और अशोक रोड समेत कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला। सामने आई तस्वीरों में राजधानी की सड़कों पर तेज बारिश होती नजर आई।
बारिश के चलते दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में मौसम सुहाना हो गया, वहीं कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात की रफ्तार प्रभावित होने की स्थिति भी बनी। इससे लोगों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी राजधानी में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 8 सितंबर से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने की संभावना है।
राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन और संबंधित एजेंसियां जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।