ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय ,नई दिल्ली: आगामी BRICS समिट को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में मंडी हाउस इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा तैयारियों को तेज किया गया है। दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS समिट के मद्देनजर कई इलाकों में यातायात और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंडी हाउस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एडिशनल DCP-I ईशा सिंह ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को सतर्क और चौकन्ना रहने तथा ड्यूटी के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।
BRICS समिट के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस द्वारा संवेदनशील और महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मंडी हाउस के अलावा कनॉट प्लेस, लोधी रोड, मथुरा रोड और भारत मंडपम की ओर जाने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण के इंतजाम किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और संभावित ट्रैफिक प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अपने सफर की योजना बनाएं। BRICS सम्मेलन के दौरान राजधानी में वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं।