ज़िल्लर वार्ता राष्ट्रीय : अहमदाबाद: भारतीय रेलवे ने वैकल्पिक ईंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए देश की पहली LNG-संचालित ड्यूल-फ्यूल ट्रेन की शुरुआत की। साबरमती रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
यह ट्रेन LNG और डीजल, दोनों ईंधनों पर चलने वाली ड्यूल-फ्यूल प्रणाली से लैस है। परियोजना के तहत 1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाले दो Driving Power Cars को LNG-डीजल प्रणाली में परिवर्तित किया गया है। रेलवे के अनुसार, इस तकनीक के साथ 2,000 किलोमीटर से अधिक का फील्ड ट्रायल पूरा किया जा चुका है।
रेलवे के मुताबिक, LNG के इस्तेमाल से डीजल की खपत लगभग 40 प्रतिशत तक कम की जा सकती है। इससे ईंधन लागत के साथ कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर जैसे उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। परीक्षण के आधार पर आठ कोच वाली रेक के लिए करीब 23.9 लाख रुपये सालाना ईंधन लागत बचत का अनुमान लगाया गया है।
इस कार्यक्रम के दौरान गुजरात में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेलवे परियोजनाओं का भी उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया गया। इनमें साबरमती WAG-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड, ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम और विभिन्न रेल मार्गों पर स्वदेशी ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली से जुड़े कार्य शामिल हैं।
LNG ट्रेन की शुरुआत को भारतीय रेलवे में वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल और डीजल पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है।